sawaimadhopur...धूं-धूं कर जला रावण का अंहकार, जय श्रीराम के गूंजे जयकारे

2024-10-13 1

सवाईमाधोपुर. बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी का त्योहार जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया। असत्य पर सत्य की जीत के त्योहार पर शहरवासियों का सैलाब उमड़ा। इस दौरान जगह-जगह रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले का दहन किया। जिला मुख्यालय पर दशहा मैदान व शहर के रामलीला मैदान में रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले का दहन किया। दशहरा मैदान को युद्धभूमि के रूप में सजाया। जहां राम और रावण अलग-अलग रथों में विराजमान होकर युद्धभूमि में उतरे। दशहरा मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण और 30-30 फीट के मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले सजाए गए। रावण दहन देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ रही। शहर में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया। भगवान श्रीराम व उनकी सेना की ओर से रावण सेना को समाप्त करने के बाद रावण उसके भाई कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले धूं-धूं कर जल उठे।
रंगीन आतिशबाजी रही आकर्षण का केन्द्र
रावण दहन के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी आकर्षण का केन्द्र रही। शहर के अंसारी मोहल्ले में मेघनाथ, कुंभकरण व रावण के पुतलों को तैयार होने के बाद दशहरा मैदान स्थित मेला स्थल पर लाया गया। यहां शनिवार को दिनभर कारीगर रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। दशहरा मैदान में शाम को शोभायात्रा में भगवान राम की सेना पहुंची। यहां राम व रावण सेना के बीच युद्ध हुआ। इसमें मेघनाथ, कुंभकरण व रावण की सेना राम सेना के हाथों मारी गर्ई। इसके बाद रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन किया। पुतला दहन होते ही आतिशबाजी का नजारा आकर्षक रहा।
पुलिस के रहे माकूल प्रबंध
रावण दहन के दौरान दशहरा मैदान में सुरक्षा की दृष्ट के पुलिस के माकूल प्रबंध रहे। यातायात व्यवस्था संभालने से लेकर दशहरा मैदान में भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
शोभायात्रा में गूंजे भगवान श्रीराम के जयकारे
विजयेश्वर नवयुवक रामलीला मंडल बजरिया के तत्वावधान में दशहरा के अवसर पर मानटाउन क्लब रामलीला मैदान से भव्य और आकर्षक श्रीराम शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा मुख्य बाजार से अम्बेडकर सर्किल, ट्रक यूनियन से मुख्य बाजार, टोंक बस स्टेंड से अग्रसेन सदन, हम्मीर पुलिया, रणथंभौर सर्किल होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। मीडिया प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार कस्बा ने भगवान श्रीराम के पूजन के साथ किया।
शोभायात्रा में झांकियों ने मोहा मन
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, गुरु वशिष्ठ,शिव परिवार, राजा रावण, कुंभकरण, मेघनाद आदि की सजीव झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा का सामाजिक संगठनों, समाज सेवकों ने कई जगह स्वागत किया। बजरंग व्यायाम शाला अखाड़ा टोंक ने हेरतअंगेज करतब दिखाए। शोभायात्रा का समापन दशहरा मैदान में पहुंचकर हुआ। यहां प्रभु श्रीराम और रावण की सैना में युद्ध हुआ और अंत मे प्रभु श्रीराम को असत्य पर सत्य की जीत प्राप्त हुई। इस दौरान आयोजन समिति से संरक्षक मोहन लाल कौशिक,अध्यक्ष लालचंद गौतम,संयोजक राजेश गोयल, कोषाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह राजावत,सह संयोजक रामपाल बालोत,हरिबाबू जिनगर,दानेद्र शर्मा सहित कई मौजूद थे।

Free Traffic Exchange

Videos similaires