Weather Update : कोटा में तापमान 44.6 डिग्री पहुंचा, अभी और बढ़ेगा

2024-05-09 81

हाड़ौती अंचल में गुरुवार को भी मौसम का मिजाज काफी सख्त रहा। गर्मी के तेवर सुबह से ही तीखे रहे। सुबह 10 बजे तक तो धूप चुभने लगी। गर्म हवा के थपेड़े लोगों को परेशान करने लगे। कोटा में अधिकतम तापमान दूसरे दिन भी 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दोपहर से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। दोपहर होते-होते सड़कें व बाजार सूने नजर आए।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है। ऐसे में कोटा संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। लू चलने की भी प्रबल संभावना है।

10-11 को मिल सकती है राहत
10-11 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कोटा संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। इसके प्रभाव से 11 मई से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने तथा हीट वेव से राहत मिल सकती है। 12 मई को भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश से तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है।


Videos similaires