आसमान से बरसी आग : कोटा दूसरे दिन भी प्रदेश में सबसे गर्म, पारा 42 पार

2024-04-19 397

कोटा दूसरे दिन शुक्रवार को भी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। पारा 42 डिग्री से अधिक रहा, जो सामान्य से अधिक है। शहर में गर्मी के तेवर सुबह ही तल्ख हो जाता हैं। दिन चढ़ने के साथ ही धूप की तपिश तेज हो रही है। दोपहर में लू के थपेड़े चल रह हैं। आसमान से आग बरस रही है। गर्मी से लोग बेहाल हैं। गर्म हवा से बचाव को लेकर दुपहिया वाहन, राहगीर दुपट्टा बांधकर व छाता लेकर बाहर निकल रहे हैं। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। इस कारण दिन के साथ रातें भी तप रही हैं। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर हो रही है। छतों पर रखी टंकियों का पानी उबल रहा है। कोटा में शाम को बादल छाए, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे ही रही।

बारां में पारा 41 पर
बारां में तेज गर्मी का असर जारी है। दोपहर में बाजार व चौराहों पर आवाजाही कम रही। दिन में गर्म हवा के थपेड़े लगे। अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरकर 41 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोत्तरी होकर 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

झालावाड़ 40 डिग्री पर पहुंचा पारा
झालावाड़ में कभी तेज धूप तो कभी बादल छाए रहे। दोपहर में गर्म हवा के प्रभाव से तापमान बढ़ गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में बढ़ोतरी होने से पंखा-कूलर भी राहत नहीं पा रहे। बूंदी जिले में धूल भरी हवा चलती रही। बूंदी शहर में दिनभर तीखी धूप निकलने के बाद शाम को बादल छाए, लेकिन गर्मी की तपिश कम नहीं हुई। कूलर-पंखे दिनभर चलते रहे।

Free Traffic Exchange

Videos similaires