शुजालपुर। नगर में वृद्धजनों एवं 45 वर्ष से 59 वर्ष के लोगों को कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर वैक्सीन लगाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। अभी टीकाकरण अभियान केवल शासकीय अस्पताल में संचालित हो रहा था। आमजन तक शीघ्र टीकाकरण अभियान पहुंचे इसके लिए शासन द्वारा यह व्यवस्था की गई है। सिटी शासकीय अस्पताल चिकित्सा प्रभारी डा. राजेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में सिविल अस्पताल के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों में कोविड-19 टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। जिसके अनुसार मंडी में 15 मार्च को क्षेत्र के मतदान केंद्र 201 से 205 तक, 17 मार्च को मतदान केंद्र 212 से 214 तक, 18 मार्च मतदान केंद्र 215 से 217 व 20 मार्च को मतदान केंद्र क्रमांक 218 से 220 पर नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान 60 वर्ष व उससे अधिक उम्र के लोगो को वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे। 45 वर्ष से 59 वर्ष के नागरिकों को लम्बी बीमारी से ग्रसित होने का प्रमाण पत्र विशेषज्ञ चिकित्सालय से जारी किया हुआ साथ में लाना अनिवार्य है तथा बीमारी के इलाज संबंधी दस्तावेज भी साथ में लाने होंगे।