कानपुर के बाद अब विकास दुबे के लखनऊ के दोनों मकान भी ढहाए जाएंगे, हुई नपाई

2020-07-05 121

योगी सरकार ने कानपुर के बिकरु गांव में डीएसपी समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का आलीशान किलेनुमा मकान शनिवार को उसी बुलडोजर से ढहा दिया, जिससे उसने पुलिस वालों का रास्ता रोका था। अब उसके भाई के लखनऊ के मकान को भी ढहाने की तैयारी चल रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम ने कृष्णानगर स्थित मकान की नापजोख की है। एलडीए की शुरुआती जांच में पता चला है कि, विकास के भाई दीप प्रकाश दुबे का यह मकान अवैध है। हालांकि, प्रशासन नियमों के तहत कार्रवाई करने की बात कह रहा है। लखनऊ में मकान गिराने के लिए एलडीए के प्रवर्तन विभाग के इंजीनियरों की टीम ने शनिवार की शाम मकान का निरीक्षण किया था। विकास दुबे के इन्द्रलोक कालोनी के मकान का नम्बर जे-424 और उसके भाई दीप प्रकाश दुबे के मकान नम्बर के-528 है। शासन स्तर से मिले निर्देर्शों के बाद एलडीए उपाध्यक्ष शिवाकान्त द्विवेदी और सचिव मंगला प्रसाद सिंह हरकत में आ गए हैं। अधिकारियों ने मकानों के नक्शे, मालिकाना हक, जमीन के भू-उपयोग आदि के बारे में पड़ताल शुरू की। शाम को इंजीनियरों की एक टीम दोनों मकानों का निरीक्षण करने पहुंची। इंजीनियरों ने मकानों की नापजोख भी कराई। इसी के साथ मकानों की फाइलें तलाशने का काम भी शुरू हुआ। एलडीए सूत्रों का कहना है कि देर रात विकास दुबे के भाई के मकान के-528 की फाइल मिल गई। इसका नक्शा वर्ष 1990 में पास कराया गया है। लेकिन, विकास के मकान की फाइल नहीं मिल पाई। पड़ताल में यह तथ्य भी सामने आया कि जिस इन्द्रलोक कालोनी में इनका मकान है, उसका विकास कृष्णा कॉलोनाइजर ने कराया था। उसने एलडीए से ले-आउट पास कराया था।

Videos similaires