देवास में बोले दिग्विजय सिंह-कोई कागज़ मांगने आये तो मत दिखाना...!

2020-02-16 71

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार रात को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए देवास पहुंचे। भजन संध्या और शादी समारोह के कार्यक्रमों के अलावा उन्होंने आनंद नगर में 20 दिन से भी अधिक समय से चल रहे सीएए के विरोध में धरने में भी भागीदारी की। केंद्र सरकार पर सीएए कानून को लेकर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा इस कानून को लाने की कोई जरूरत नहीं थी। नागरिकता के लिए जो पुराना कानून था वह पर्याप्त था, इस कानून को सिर्फ देश का माहौल बिगड़ने के लिए लाया गया है। यह भी कहा कि अगर कोई एनपीआर एनआरसी के कागज़ मांगने आये तो मत दिखाना। भारत में भले ही अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हो लेकिन भारत का सिर्फ एक धर्म है वह है इंसानियत। कोई भी धर्म कटुता फैलाना नहीं सिखाता है चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो या फिर ईसाई। सिंह ने यह भी कहा कि नागरिकता धर्म के आधार पर तय नहीं होना चाहिए। नागरिकता को लेकर हम केंद्र सरकार द्वारा अपनाए जा रहे दोहरे मापदंड के खिलाफ हैं। एक ओर केंद्र सरकार पाकिस्तान के गायक अदनान सामी को नागरिकता देती है और पद्मश्री से भी नवाजती है दूसरी ओर आसाम के एक मुस्लिम फौजी को नागरिकता नहीं मिल पाती, यह दोहरा मापदंड ही है। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह का भाषण सुनने के लिए आनंद नगर के धरने में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Free Traffic Exchange

Videos similaires