One more jharkhand army jawan shakti singh dead in kashmir

2018-02-08 4

झारखंड के एक और सपूत ने कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहादत दी है। बारामुला में बुधवार रात हुए आतंकी हमले में चतरा निवासी शक्ति सिंह शहीद हो गए। मूल रूप से ईटखोरी (चतरा) के निवासी शक्ति सिंह के पिता संत सिंह अधिवक्ता हैं। वह चतरा के प्रोफेसर कालोनी में रहते हैं। शक्ति सिंह मयूरहंड की उप प्रमुख मृदुला देवी और पूर्व मुखिया अनिल सिंह के दामाद थे।

शक्ति सिंह की शहादत की सूचना मिलते ही चतरा स्थित उनके आवास पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन था। डीसी, एसपी, डीएसपी और अन्य अधिकारी भी शहीद जवान के पिता से मिलने पहुंचे। शहीद जवान के दादा सूनी आंखों से सभी को देख रहे थे।

पिछले दो दिन में झारखंड के दूसरे सपूत ने शहादत दी है। स्वतंत्रता दिवस के दिन मिहिजाम (जामताड़ा) के सीआरपीएफ कमांडेंट प्रमोद कुमार ने आतंकियों से लोहा लेते हुए प्राणों की आहुति दी थी। उनकी अंत्येष्टि बुधवार को हुई। फिर रात में शक्ति सिंह शहीद हो गए।

चतरा स्थित शक्ति सिंह के घर के बाहर जमा लोग गमगीन हैं। वे आपस में शक्ति की जांबाजी और बहादुरी की चर्चा कर रहे हैं। शहीद का शव संभवतः गुरुवार को पहुंचेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस बाबत सेना की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।